बड़ी खबर

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज क्रिकेटर शेन वॉर्न नहीं रहे, 52 साल की उम्र में हुआ निधन

ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न का निधन हो गया है. वह 52 साल के थे. ऑस्ट्रेलियाई समाचार चैनल फॉक्स स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक शेन वॉर्न थाईलैंड में थे और वहां उनका अचानक संदिग्ध अवस्था में निधन हो गया.

फॉक्स स्पोर्ट ने शेन वॉर्न की मैनेजमेंट एजेंसी के हवाले से एक बयान में बताया कि वॉर्न थाईलैंड के एक विला में थे, जहां वह शनिवार सुबह (ऑस्ट्रेलियाई समयानुसार) बेहोशी की अवस्था में पाए गए, लेकिन मेडिकल टीम की पूरी कोशिशों के बाद भी उन्हें होश में नहीं लाया जा सका. माना जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के दो दिग्गजों का एक ही दिन में निधन से पूरा क्रिकेट जगत सकते में है.

बयान के मुताबिक, शेन वॉर्न थाईलैंड के कोह सामुई द्वीप में थे और वहां अपने विला में रह रहे थे. शेन वॉर्न के परिवार ने निजता का सम्मान करने की अपील की है और कहा है कि सही समय पर बाकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

 

भारत के खिलाफ डेब्यू, शानदार करियर

शेन वॉर्न नेन 1992 में भारत के खिलाफ ही अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी और पहले टेस्ट में सिर्फ 2 विकेट ले सके थे. लेकिन इसके बाद उन्हें रोकना मुश्किल हो गया और हर बल्लेबाज उनकी फिरकी के इशारे पर नाचता रहा. अपने करीब 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में वॉर्न सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में रहे. उन्होंने 145 टेस्ट के अपने करियर में 708 विकेट लिए और सिर्फ श्रीलंकाई दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन (800 विकेट) के बाद दूसरे सबसे सफल गेंदबाज थे. उन्होंने 194 वनडे मैचों में 293 विकेट भी लिए थे. वह 1999 विश्व कप फाइनल के मैन ऑफ द मैच रहे थे और टीम को खिताब जिताया था.

एक ही दिन में दो दिग्गजों का निधन

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए शुक्रवार 4 मार्च का दिन बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा. एक ही दिन में ऑस्ट्रेलिया ने अपने दो बड़े दिग्गजों को खो दिया. शुक्रवार सुबह पूर्व विकेटकीपर रॉडनी मार्श ने दुनिया को अलविदा कह दिया. उनका निधन भी हार्ट अटैक के कारण हुआ. खुद शेन वॉर्न ने भी मार्श के निधन पर सुबह ही ट्वीट कर अपना शोक और दुख जताया था.

 

फिर देर शाम खुद शेन वॉर्न ने क्रिकेट फैंस के गम को कई गुना बढ़ा दिया. उनके निधन की खबर ने ऑस्ट्रेलिया समेत पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया.

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button