ताज़ा ख़बरदेश

कोरोना के एक्सई वेरिएंट से घबराने की जरूरत नहीं, अस्पतालों में केवल 49 मरीज भर्ती- सत्येंद्र जैन

नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुजरात में मिले कोरोना के एक्सई वैरिएंट को लेकर सोमवार को कहा कि कोविड -19 के नए वेरिएंट से घबराने की जरूरत नहीं है। एक्सई वेरिएंट को विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से ‘वेरिएंट ऑफ कंसर्न’ की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है। जब तक कोई वेरिएंट ऑफ कंसर्न नहीं आता है तब तक चिंता करने की जरूरत नहीं। रोजाना दुनियाभर में कोई न कोई नया वेरिएंट आ ही रहा है।

हमें कोरोना के नए-नए वेरिएंट के साथ रहना सीखना होगा, ये वेरिएंट आगे आते रहेंगे। हालांकि, अभी भी कोरोना के नियमों का पालन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से कोरोना से बचाव के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या संतुलित

दिल्ली में कोरोना के मामलों पर जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। फिलहाल संक्रमण दर पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या दिन प्रतिदिन कम होती जा रही है। वर्तमान में केवल कोरोना के 49 मरीज ही अस्पतालों में भर्ती है। कोरोना मरीजों की संख्या संतुलित और कंट्रोल में है।

हर परिस्थिति से निपटने के लिए केजरीवाल सरकार पूरी तरह से तैयार

मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि अभी अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या इतनी कम है कि बिस्तरों को बढ़ाए जाने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। दिल्ली में मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त है। सरकार आने वाली गंभीर से गंभीर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दिल्ली सरकार ने हाल ही में सात नए अस्पताल को बनाने का काम शुरू किया है, जो आने वाले कुछ महीनों में बनकर तैयार हो जाएंगे।

इन नए अस्पतालों के बन जाने से दिल्ली में तकरीबन सात हजार अन्य बेड बढ़ाए जा सकेंगे। सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली सरकार की तरफ से सरकारी अस्पतालों में लोगों को जल्द ही प्रीकॉशन डोज मुफ्त में लगाई जाएगी। जिस वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगी थी, उसी वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज लगाई जाएगी। जिन लोगों को दूसरी डोज लिए नौ महीने पूरे हो गए हैं, वे प्रीकॉशन डोज ले सकते हैं।

सावधानी ही हर वेरिएंट से बचाव का तरीका

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से कोरोना से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोना को फैलने से रोकने का एक ही तरीका है कि हमेशा सावधानी बरतें। उन्होंने सभी लोगों से सार्वजनिक जगहों पर जाते समय सुरक्षा के लिए मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि जब भी अपने घर से बाहर जा रहे हों तो मास्क पहनें और हर समय कोविड से संबंधित सभी प्रोटोकॉल का पालन करें, जिससे कोरोना को फैलने से रोका जा सके।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button