देशबड़ी खबर

दिल्ली पुलिस की हिरासत में गुजरात के AAP अध्यक्ष इटालिया, पीएम मोदी पर की थी टिप्पणी

गुजरात के आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष गोपाल इटालिया को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है. इटालिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है. इसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने गोपाल इटालिया को समन देकर आयोग के दफ्तर बुलाया था. जब वह यहां पर पहुंचे तो आम आदमी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी आयोग के दफ्तर पहुंच गए और प्रदर्शन किया. सूत्रों के मुताबिक, गोपाल इटालिया ने कहा है कि जो वीडियो जिस ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है, वह उनका ट्विटर हैंडल नहीं है. साथ ही उनका उस वीडियो से कोई लेना-देना नहीं है.

बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के जो कार्यकर्ता आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे. उसको लेकर भी दिल्ली पुलिस को एक शिकायत दी गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गोपाल इटालिया ने पीएम मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था. इसके बाद बीजेपी नेता अमित मालवीय ने ट्वीट कर के इटालिया पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि इस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल करना ना सिर्फ देश के प्रधानमंत्री का अपमान करना है, बल्कि गुजरात के गौरव को गाली देने के समान है. यह हर गुजराती का अपमान है.

सिसोदिया और संजय सिंह ने बीजेपी पर साधा निशाना

वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि जो लोग गोपाल इटालिया को गिरफ्तार कर रहे हैं, उन्हें स्कूल चलाना नहीं आता. 27 साल में भी ये लोग स्कूल नहीं ठीक कर पाए. गोपाल इटालिया उस पार्टी (आम आदमी पार्टी) से आते हैं जो स्कूलों को अच्छा बना रही है. आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह ने गुजरात के पार्टी अध्यक्ष गोपाल इटालिया को हिरासत में लिए जाने को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, BJP को पटेल समाज के लोगों से इतनी नफरत क्यों है? गुजरात में गोपाल इटालिया की लोकप्रियता बढ़ने लगी, चुनाव में हार का डर सताने लगा तो दिल्ली में BJP की पुलिस ने गोपाल इटालिया को गिरफ्तार कर लिया. पटेल समाज इस अपमान का बदला जरूर लेगा.

बीजेपी के गुजरात प्रवक्ता ने जारी किया था वीडियो

वहीं, हाल ही में गोपाल इटालिया ने महिलाओं को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी. इसका वीडियो बीजेपी के गुजरात प्रवक्ता यग्नेश दवे ने जारी किया था. वीडियो में गोपाल इटालिया ये कहते हुए दिखाई दे रहे थे कि, कथा सुनकर और मंदिर जाकर आपको कुछ नहीं मिलने वाला है. वे शोषण के अड्डे हैं. महिलाएं अपने समान हक के लिए लड़ें. देश पर राज करने की तैयारी करें. कथा-सत्संग में नाचने-गाने की बजाए माताओं और बहनों, किताबें पढ़ें. इटालिया की इस टिप्पणी के बाद बीजेपी आम आदमी पार्टी पर हमलावर हो गई थी.

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button