उत्तर प्रदेशगोरखपुरबड़ी खबर

धन के अभाव में नहीं रुकेगा किसी का इलाज, गंभीर रोगियों के लिए सीएम योगी की बड़ी पहल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट जल्द से जल्द बनवाकर उपलब्ध कराएं, सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। जन स्वास्थ्य की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए खजाना खुला हुआ है।

बुधवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई फरियादियों को योगी से मिले इस भरोसे से बहुत संबल मिला। फरियादियों के इलाज संबंधी समस्या को योगी ने पूरी संवेदनशीलता से सुना, बीमारी और चल रहे इलाज की जानकारी ली।

उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि जल्द से जल्द इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कर शासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने फरियादियों से कहा कि चिंता न करें, सरकार इलाज के लिए भरपूर धन देगी। कहीं कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

अपनी माता के साथ आए एक बालक से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने यह जानकारी ली कि उसका हाथ कैसे जल गया था। आगे से सावधान रहने की सीख देते हुए उन्होंने उसकी माता को निश्चिंत करते हुए कहा कि परेशान मत हो, उसका इलाज सरकार कराएगी।

योगी ने करीब पांच सौ लोगों से मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक एक-एक कर खुद पहुंचे। पुलिस से संबंधित समस्याओं को पुलिस अधिकारियों को तथा राजस्व से संबंधित समस्याओं को प्रशासनिक अधिकारियों को संदर्भित कर यथाशीघ्र सन्तुष्टिपरक और निष्पक्ष निस्तारण का निर्देश दिया।

बच्चों को दुलारा

जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आये बच्चों को मुख्यमंत्री ने खूब दुलारा। उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और चॉकलेट के साथ खूब पढ़ने, आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button