उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

आज बेंगलुरु के निवेशकों को आमंत्रित करेगी टीम योगी

  • उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में सोमवार को ताज वेस्ट एंड में होगा आयोजन
  • उत्तर प्रदेश में निवेश लाने पर उद्योगपतियों से मंत्रियों व अधिकारियों की होगी चर्चा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए उद्यमियों को निवेश के लिए आमंत्रित करने मंत्रियों का समूह आज बेंगलुरु में आयोजित रोड शो इवेंट में हिस्सा लेगा। यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाने के लिए प्रतिबद्ध सीएम योगी आदित्यनाथ की टीम सोमवार को यहां रोड शो इवेंट में शिरकत करेगी। यहां से बड़े पैमाने पर निवेश लाने के लिए उद्योगपतियों को उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाओं व अवसरों के बारे में अवगत कराया जाएगा।

विदेशों में टीम योगी के सफल रोड शो के बाद 5 जनवरी से देश के 9 बड़े महानगरों में रोड शो की शुरुआत हुई। अब तक छह बड़े शहरों (मुंबई, चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद व अहमदाबाद) में रोड शो इवेंट हो चुके हैं। सातवें शहर बेंगलुरु में सोमवार को रोड शो इवेंट है।

बेंगलुरु में सीएम योगी की टीम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह व गिरीश चंद्र यादव, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, इंफ्रास्ट्रक्चर व इंडस्ट्रियल डवलपमेंट कमिश्नर अरविंद कुमार, इनवेस्ट यूपी के सीईओ अभिषेक प्रकाश, विशेष सचिव आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स अक्षय त्रिपाठी, यीडा के सीईओ अरुणवीर सिंह व यूपी डिफेंस कॉरिडोर के नोडल ऑफिसर आरकेएस भदौरिया उद्योगपतियों के साथ मुखातिब होंगे।

यह मुलाकात बिजनेस टू गवर्नमेंट (बीटूजी) के आधार पर होगी। रोड शो के दौरान कई नामचीन उद्योगपतियों से भी मुलाकात होगी, जिसमें मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों की जानकारी देंगे और निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

बीटूजी मीटिंग्स में उद्योगपतियों व संगठनों के प्रतिनिधियों से करेंगे मुलाकात

बेंगलुरु में मंत्रिसमूह व अधिकारियों की 32 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ उद्योगपतियों से भी मुलाकात होगी। विप्रो इंटरप्राइजेज, ब्रिटेनिया इंडस्ट्री, एमकेयू लिमिटेड, ओला इलेक्ट्रिक, किशन क्रॉफ्ट लिमिटेड, ज्योति लैब्स, ओरियंट प्रेस लिमिटेड, बेस्ट कॉरपोरेशन, एमटीआर फू़ड्स, जेआर ग्रुप समेत कई समूहों के प्रतिनिधि भी इस रोड शो इवेंट में शामिल होंगे।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button