उत्तर प्रदेशलखनऊ

‘माननीय’ दान करेंगे 1283 क्विंटल भूसा, डीएम ने फोन कर गोशालाओं के लिए की अपील

लखनऊ। निराश्रित गोवंशों के भरण-पोषण के लिए जिले के माननीय 1283 क्विंटल भूसा गोशालाओं में दान करेंगे। एक बैठक के दौरान जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने फोनकर अपील की। इस पर भूसा दान की सहमति जताई है। वहीं, अधिकारियों को भी एक माह तक भूसा दान व खरीद कर भंडारण करने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को जिलाधिकारी ने शिविर कार्यालय में निराश्रित गोवंशों के भरण-पोषण को लेकर बैठक की। जिसमें पशु पालन, राजस्व, ग्राम्य विकास व कृषि विभाग के अधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने कहा कि गेहूं कटाई का समय है। जिसमें भूसा की उपलब्धता रहती है और दाम सही रहते हैं।

ऐसी स्थिति में एक माह के अंदर न्यूनतम दर पर अधिक से अधिक भूसा खरीद कर गोशालाओं में भंडारित कर लें। इसके अलावा सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य, ब्लाक प्रमुख, प्रधान व आम जन मानस से अपील कर अधिक से अधिक भूसा दान में लेकर भंडारण करें।

इससे भरण-पोषण में समस्या नहीं आएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खुद जनप्रतिनिधियों को फोन कर दान में भूसा देने की अपील की। इस पर 1283 क्विंटल भूसा देने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में उप निदेशक कृषि डॉ. एके मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार वर्मा, बीडीओ पूजा सिंह आदि रहे।

ये देंगे दान में इतना भूसा

जिला पंचायत अध्यक्ष आरती रावत 500 क्विंटल, केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर 150 क्विंटल, विधायक सरोजनीनगर राजेश्वर सिंह 200 क्विंटल, विधायक मोहनलालगंज अमरेश कुमार रावत 111 क्विंटल, विधायक बीकेटी योगेश शुक्ला 111 क्विंटल, विधायक लखनऊ उत्तर नीरज बोरा 100 क्विंटल, ज्ञानेन्द्र सिंह पशु बाजार काकोरी 111 क्विंटल।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button