देशबड़ी खबर

पंजाब: लद्दाख हादसे में जान गंवाने वाले 2 सैनिकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की मदद, CM भगवंत मान ने सौंपा चेक

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को उन दो सैनिकों के घर गए और उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता दी, जिनकी 19 अगस्त को लद्दाख में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पंजाब के नायब सूबेदार रमेश लाल और गनर तरणदीप सिंह उन नौ सैनिकों में शामिल थे, जिनकी लद्दाख के लेह जिले में वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से मौत हो गई थी।

सीएम ने सैनिकों के पैतृक स्थानों का दौरा किया

फरीदकोट और फतेहगढ साहिब जिलों में इन दो सैनिकों के पैतृक स्थानों का दौरा करने के बाद मान ने कहा कि नौ पराक्रमी नायकों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने के लिए अपना कर्तव्य निर्वहन करने के दौरान शहादत दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ पंजाब के दो सपूतों– फरीदकोट के सारसिरि गांव के रमेश लाल और बस्सी पठाना के तरणदीप सिंह ने भी शहादत दी।’’

परिवारों को सौंपा चेक

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश और खास तौर पर शोक संतप्त परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है। इन दोनों परिवारों को चेक सौंपते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश उन सैनिकों के प्रति ऋणी है जिन्होंने देश और उसकी जनता की खातिर अपनी जान कुर्बान कर दी। मान ने इन दोनों सैनिकों के रिश्तेदारों के लिए अनुकंपा के आधार पर उपयुक्त नौकरियों का भी ऐलान किया।

एक सैनिक की बहन और एक की पत्नी को नौकरी का ऐलान

तरणदीप सिंह के ‘अंतिम अरदास’ में मुख्यमंत्री ने उनकी बहन के लिए नौकरी की घोषणा की। उन्होंने उनके नाम पर एक स्टेडियम बनाने का भी वादा किया। मान ने रमेश लाल की पत्नी के लिए भी नौकरी और उनके नाम पर गांव में एक स्टेडियम बनाने की घोषणा की। (इनपुट: भाषा)

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button