उत्तर प्रदेशबरेली

Bareilly: पिताबंरपुर ओवरब्रिज…सर्विस लेन बनाने की जगह नहीं ! 40 प्रतिशत पुल बना डाला

बरेली। फरीदपुर-बुखारपुरा मार्ग पर पितांबरपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण में गंभीर अड़चन पैदा हो गई है। करीब 42 प्रतिशत निर्माण होने के बाद अफसरों को अब पता चला है कि पुल की सर्विस लेन नहीं बन पाएगी क्योंकि उसके रास्ते में दो मकान आ रहे हैं। इससे ओवरब्रिज का निर्माण लटकने की आशंका पैदा हो गई है। राज्य सेतु निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक की ओर से पत्र लिखने के बाद डीएम ने एसडीएम फरीदपुर को मौके पर पैमाइश कराने का निर्देश दिया है।

पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग 352 सी पर दो लेन ओवरब्रिज के निर्माण की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति 27 फरवरी 2023 को जारी हुई थी। कुछ ही समय बाद इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया था। अब अफसरों की गंभीर चूक की वजह से इसका निर्माण फंसने की नौबत आ गई है। राज्य सेतु निगम के महाप्रबंधक केएन ओझा ने डीएम को भेजे पत्र में अवगत कराया था कि ओवरब्रिज के पहुंच मार्ग वाले हिस्से का निर्माण सेतु निगम और रेल विभाग के हिस्से का निर्माण खुद रेलवे की ओर से कराया जा रहा है। सेतु निगम अपना करीब 42 प्रतिशत काम पूरा कर चुका है।

महाप्रबंधक के मुताबिक ओवरब्रिज के बुखारा की तरफ वाली सड़क पर रास्ते में दो मकान बने हुए हैं जिनकी वजह से सर्विस रोड के निर्माण के लिए मौके पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है। महाप्रबंधक ने डीएम से राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर कार्यस्थल की पैमाइश कराने का आग्रह किया है ताकि ओवरब्रिज का निर्माण बाधित न हो। डीएम ने एसडीएम फरीदपुर को पैमाइश कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

दो साल पहले 54 करोड़ से शुरू हुआ था निर्माण

पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की भीषण समस्या के कारण वर्ष 2019-20 में ओवरब्रिज का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। तत्कालीन सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने ओवरब्रिज स्वीकृत कराने के लिए मुख्यमंत्री से लेकर रेलमंत्री तक कड़ी पैरवी की थी। तब कहीं इसे स्वीकृति मिली। करीब 54 करोड़ की लागत से 500 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। इसका निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। ओवरब्रिज का निर्माण आबादी के बीच हो रहा है जिसकी वजह से लोगों को दिक्कतें भी झेलनी पड़ रही हैं।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button