उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

वाराणसी : ‘काशी तमिल संगमम’ में मुख्यमंत्री योगी की तरफ दौड़ा शराबी, सुरक्षाकर्मियों ने हटाया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वाराणसी में ‘काशी-तमिल संगमम’ के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में लापरवाही देखी गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा को धता बताते हुए एक शराबी मंच के पास तक पहुंच गया। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर वहां से हटाया।

दरअसल, उत्तर और दक्षिण भारत को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने वाले काशी-तमिल संगमम का आयोजन वाराणसी के नमो घाट पर किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।

इसी दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक मंच के पास पहुंच गया और हंगामा करने लगा। हालांकि, मंच के पास मौजूद कमांडो ने उसको पकड़कर वहां से हटाया।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम का विषय तमिल करकलाम यानी तमिल सीखें रखा गया है। कार्यक्रम में तमिलनाडु से 1,400 से ज्यादा प्रतिनिधि पहुंचे हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार से शुरू हुए ‘काशी तमिल संगमम’ के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीवंत कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और गहरा करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”काशी तमिल संगमम आज प्रारंभ हो रहा है। यह जीवंत कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को गहराता है। संगमम में शामिल होने आ रहे सभी लोगों को काशी में सुखद और यादगार प्रवास की शुभकामनाएं।”

काशी तमिल संगमम का चौथा संस्करण 2 से 15 दिसंबर तक चल रहा है। यह तमिलनाडु और वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के बीच सांस्कृतिक और शैक्षणिक आदान-प्रदान का प्रमुख कार्यक्रम है।

इस पहल की शुरुआत 2022 में हुई थी, जिसका उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच प्राचीन सभ्यता, भाषाई और आध्यात्मिक संबंधों को फिर से प्रगाढ़ करना है।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्साह व्यक्त किया था।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button