अयोध्याउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

माघ मेले से ‘पलट प्रवाह’ हुआ तेज… अयोध्या पहुंचा श्रद्धालुओं का हुजूम, सड़कों पर उतरे डीएम-एसएसपी

अयोध्याः मौनी अमावस्या के पावन पर प्रयागराज के संगम में पवित्र स्नान पूरा करने के बाद अब श्रद्धालुओं का बड़ा हुजूम अयोध्या की ओर बढ़ रहा है। संगम में डुबकी लगाने वाले भक्त अब रामलला के दर्शन और हनुमानगढ़ी में पूजा के लिए रामनगरी पहुंच रहे हैं, जिससे यहां भीड़ में तेजी से इजाफा हो रहा है।

अयोध्या जिला प्रशासन ने इस बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए पूरी तैयारी की हुई है। शहर को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राम मंदिर, हनुमानगढ़ी सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकासी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी न फैले। वरिष्ठ अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जबकि जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खुद मौके पर पहुंचकर स्थितियों का जायजा ले रहे हैं। वे राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, मुख्य प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने प्रशासन की इन तैयारियों की खुलकर तारीफ की है। दूर-दूर से आए भक्तों का कहना है कि भारी भीड़ के बावजूद दर्शन बहुत सुगम और शांतिपूर्ण तरीके से हो गए। उन्होंने बताया कि प्रवेश-निकासी की व्यवस्था इतनी बेहतरीन थी कि कम समय में दर्शन कर बाहर निकल आए। कई भक्तों ने कहा कि अगर सभी धार्मिक स्थलों पर ऐसी ही सुव्यवस्था हो तो श्रद्धालुओं को बहुत राहत मिलेगी। प्रशासन का प्रयास है कि किसी को भी कोई असुविधा न हो, और सभी भक्त सुरक्षित व सुकून से दर्शन कर सकें।

यह ‘पलट प्रवाह’ माघ मेले के बाद अयोध्या की आस्था को और मजबूत कर रहा है, जहां भक्त राम भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button