देशबड़ी खबर

‘सिक्सर के छह गोली…’ गाने पर वर्दी में महिलाओं ने किया अश्लील डांस, VIDEO वायरल होना पड़ गया भारी

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो होमगार्ड कैंप से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में वर्दी पहने महिला गृह रक्षक कर्मी भोजपुरी गानों पर उत्साह के साथ डांस करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सहरसा जिले के बरियाही स्थित होमगार्ड प्रशिक्षण संस्थान का है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

जानकारी के अनुसार 20 जनवरी 2026 को बरियाही प्रशिक्षण संस्थान होमगार्ड में परेड का आयोजन किया गया था, जिसमें कुल 189 महिला होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इसी दौरान वर्दी में महिला जवानों द्वारा डांस किए जाने का वीडियो सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि वर्दीधारी महिला होमगार्ड जवान डांस कर रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग मोबाइल से उनका वीडियो बना रहे हैं।

अधिकारियों ने वीडियो का लिया संज्ञान

वहीं अब वीडियो के वायरल होते ही विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में सहरसा होमगार्ड के कमांडेंट संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला होमगार्ड कर्मियों से शो-कॉज नोटिस के जरिए स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्दी में इस तरह का आचरण विभागीय नियमों के विरुद्ध है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला जवानों से मांगा स्पष्टीकरण

कमांडेंट ने यह भी बताया कि मामले में ट्रेनर नवीन कुमार और जय प्रकाश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं। दोनों को भविष्य में ट्रेनर नहीं बनाए जाने की अनुशंसा विभाग को भेज दी गई है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में वर्दीधारी कर्मियों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल वायरल वीडियो में शामिल महिला जवानों की पहचान नहीं हो सकी है। विभागीय जांच जारी है और स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button