उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP Budget Session: सपा विधायक के सवालों पर गरमाया सदन में माहौल, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के जवाब पर हुआ हंगामा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक रागिनी सोनकर ने मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ से निवेश और डिफेंस कॉरिडोर को लेकर तीखे सवाल पूछे। रागिनी सोनकर ने पहला सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए, लेकिन धरातल पर सिर्फ 9 प्रतिशत ही परियोजनाएं क्यों दिख रही हैं?

दूसरा सवाल डिफेंस कॉरिडोर को लेकर था। उन्होंने पूछा कि चित्रकूट, झांसी, अलीगढ़ और आगरा जैसे जिलों में अब तक प्रगति शून्य क्यों है। तीसरे सवाल में उन्होंने भाजपा के फंड को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में पार्टी के खाते में 800 करोड़ रुपये थे, जो अब 16 हजार करोड़ रुपये कैसे हो गए, जबकि अर्थव्यवस्था कमजोर बताई जा रही है।

रागिनी के सवालों के जवाब में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता खड़े हुए और उनके सवालों को पढ़ने लगे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें टोका। इसके बाद मंत्री विपक्ष पर निशाना साधते हुए सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करने लगे। बहस के दौरान मंत्री रागिनी सोनकर की सोशल मीडिया गतिविधियों, इंस्टाग्राम और फेसबुक रील तक का उल्लेख करने लगे, जिससे विपक्ष ने आपत्ति जताई।

सदन में बढ़ते शोर-शराबे के बीच स्थिति संभालने के लिए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद कार्यवाही आगे बढ़ सकी। इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर सदन में पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक सामने आ गई।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button