उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP Budget Session: केशव मौर्य बोले- अनर्गल आरोपों से समय नष्ट करना विपक्ष की आदत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान गुरुवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष द्वारा उठाए गए विभिन्न सवालों का बिंदुवार और तार्किक जवाब दिया। हालांकि सदन में विकास और बुनियादी ढांचे को लेकर हुई चर्चा के दौरान माहौल तीखा रहा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा सदन का कीमती समय अनर्गल आरोपों में नष्ट करना एक आदत बन चुकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर अडिग है और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों और बुनियादी ढांचे को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए केशव मौर्य ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के हर जिले में रिकॉर्ड स्तर पर सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण हुआ है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसी भी परियोजना में अनियमितता बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि विपक्ष के पास कोई ठोस तथ्य हैं तो सरकार जांच कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। निवेश और रोजगार के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण बनने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “विपक्ष के पास न तो कोई विजन है और न ही जनता के मुद्दों से कोई सरोकार। सदन का कीमती समय केवल अनर्गल आरोपों में नष्ट करना उनकी पुरानी आदत बन चुकी है।” श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता ने विकास को चुना है और सरकार उनकी उम्मीदों पर खरी उतर रही है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button