देशबड़ी खबर

राजस्थान में खनन विवाद में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, क्रेशर प्लांट पर 70-80 लोगों ने किया हमला

राजस्थान के भरतपुर जिले में खनन विवाद को लेकर हुए हिंसक हमले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया था, जहां रविवार देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार (11 अक्तूबर) की शाम वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव में हुई। हमले के दौरान उनके निजी सुरक्षाकर्मी गगन शर्मा के साथ भी मारपीट की गई।

पूर्व विधायक को घेर कर किया गया हमला

जानकारी के मुताबिक, भौंडा और रायपुर गांव के करीब 70 से 80 ग्रामीण और अन्य लोग कथित तौर पर लाठी-डंडों, पत्थरों और घातक हथियारों से लैस होकर क्रेशर प्लांट पर पहुंचे थे। क्रेशर से सटी पहाड़ी पर मशीनों के जरिए खनन का काम चल रहा था। अतर सिंह भड़ाना भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान भीड़ ने पूर्व विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।

इलाज के दौरान पूर्व विधायक की गई जान

हमले में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

पत्नी ने लगाया फायरिंग का आरोप

पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान भीड़ की ओर से फायरिंग भी की गई थी और अतर सिंह भड़ाना को गोली लगी थी। हालांकि, पुलिस ने शुरुआती जांच में गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।

जांच में जुटी पुलिस की टीम

घटना की वजह खनन को लेकर विवाद बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। पूर्व विधायक के घर पर लोगों का तांता जमा हुआ है। हर कोई पूर्व विधायक की इस तरह से की गई हत्या के खिलाफ गुस्से में है। समर्थकों ने कार्रवाई की मांग की है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button