देशबड़ी खबर

उद्योगपति मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

  • एंटिलिया आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई, एनआईए भी कर सकती है जांच

मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाले विष्णू भूमिक (57) को पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अंबानी के आवास एंटिलिया बंगले के आस पास पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) भी मामले की जांच कर सकती है। इस समय मामले की गहन छानबीन मुंबई क्राइम ब्रांच और एंटी टेरोरिस्ट स्कॅड (एटीएस) की टीम कर रही है।

पुलिस के अनुसार मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भरा फोन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में स्थित लैंड लाइन फोन पर आज सुबह करीब 10.30 बजे आया था। यह शिकायत डी. बी.मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई और दहिसर में स्थित एमएचबी कालोनी से विष्णु भूमिक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर इससे पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. तरंग ज्ञानचंदानी ने बताया कि धमकी के आठ फोन आए थे, इसी वजह से यह जानकारी पुलिस को दी गई।

पिछले साल फरवरी में मुकेश अंबानी के ‘एंटीलिया’ आवास के बाहर विस्फोटकों से भरी जीप मिलने से हडक़ंप मच गया था। एक कार में जिलेटिन का जखीरा मिला था। इन विस्फोटकों के साथ एक नोट भी मिला था जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई थी। हालांकि, जब तत्कालीन पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को इस मामले में शामिल पाया गया था और आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद यह मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दिया गया। एंटीलिया के पास जिस कार से विस्फोटक मिले थे वह ठाणे के कारोबारी हिरेन मनसुख की थी। इसके बाद कारोबारी हिरेन मनसुख की भी हत्या कर दी गई थी। इसीलिए संभावना जताई जा रही है कि नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ताजा मामले की भी जांच कर सकती है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button