उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरलखनऊ

यूपीआईटीएस 2025: फूड कोर्ट में ‘यूपी का स्वाद’ बना सबसे बड़ा आकर्षण

ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस 2025) का सबसे आकर्षक पहलू इस बार का फूड कोर्ट बन गया है, जहां “यूपी का स्वाद” स्टॉल्स पर प्रदेश के हर जिले से लाए गए पारंपरिक व्यंजन आगंतुकों को अपनी ओर खींच रहे हैं।

यहां लखनऊ के टुंडे कबाब और बिरयानी, बनारस का पान और टमाटर चाट, कानपुर की दही-जलेबी, आगरा का पेठा, बलिया की लिट्टी-चोखा और मथुरा का पेड़ा जैसी डिशेज लोगों की पहली पसंद बन रही हैं। शाम ढलते ही फूड कोर्ट का नजारा ‘खाऊ गली’ में तब्दील हो जाता है, जहां हर स्टॉल पर लंबी कतारें लग रही हैं।

फूड कोर्ट केवल पारंपरिक स्वाद तक सीमित नहीं है। यहां डोमिनोज़, केएफसी, सबवे, पिज्जा हट और बर्गर किंग जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स भी मौजूद हैं, जो खासकर युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। साथ ही वॉव मोमोज़, बीकानेरवाला और चायोस जैसे भारतीय ब्रांड्स भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।

महिला उद्यमियों और ग्रामीण स्व-सहायता समूहों के स्टॉल्स ने भी खास पहचान बनाई है। यहां कुल्हड़ में परोसी चाय और मिट्टी के बर्तनों में सजे व्यंजन आगंतुकों को यूपी की परंपरा और संस्कृति का अनोखा अनुभव दे रहे हैं।

फूड कोर्ट में पहुंचे विदेशी मेहमानों ने भी भारतीय जायकों का आनंद लिया और खासतौर पर लखनऊ के कबाब व बनारस का पान उन्हें बेहद पसंद आया।

यूपीआईटीएस 2025 का यह फूड सेक्शन न सिर्फ लोगों की भूख मिटा रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध खानपान संस्कृति और विविधता को वैश्विक मंच पर पहचान दिला रहा है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button