उत्तर प्रदेशकारोबारबड़ी खबरलखनऊ

Davos 2026: एस्सार समूह यूपी में करेगा 25,000 करोड़ का निवेश, WEF में 2.5 लाख करोड़ के करार

स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) के सम्मेलन में प्रदेश के लिए निवेश के नए द्वार खुले हैं। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में 25,200 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर दो प्रमुख कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें एस्सार समूह राज्य में करेगा 25,000 करोड़ का निवेश करेगा, जबकि एएस टेक्नोलॉजीज 200 करोड़। खास बात यह है कि सम्मेलन के पहले तीन दिनों में ही प्रदेश के लिए करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बन चुकी है।

गुरुवार को सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल और एस्सार समूह के शीर्ष अधिकारियों के बीच हुई बैठक में समूह ने पावर और ऊर्जा प्रणाली, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग तथा डेटा सेंटर के क्षेत्र में निवेश की सहमति दी। इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो महीनों से एस्सार समूह के साथ निरंतर संवाद चल रहा था, जिसके परिणामस्वरूप अब यह बड़ा निवेश प्रस्ताव साकार हो सका है।

एएस टेक्नोलॉजीज ने निवेश को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए। समूह ने प्रदेश में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस केंद्र के माध्यम से बहुराष्ट्रीय कंपनियों को उन्नत आईटी सेवाएं, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समाधान और नवाचार आधारित क्षमता निर्माण में सहयोग दिया जाएगा। इससे प्रदेश में उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ एक गैर-वित्तीय एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा और हरित औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक माना जा रहा है।

सम्मेलन के चौथे दिन उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने एआई और डिजिटल नवाचार, ग्रीन हाइड्रोजन, वैश्विक वित्त, उन्नत विनिर्माण, अवसंरचना विकास, क्लीन-टेक और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर कई वैश्विक कंपनियों और संगठनों के साथ विस्तृत बैठकें कीं। इन बैठकों में एचसीएल टेक, ब्लैकरॉक, गूगल, बीसीजी, इंडियन ऑयल, गावी–द वैक्सीन अलायंस सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल रहे। दावोस में राज्य सरकार का प्रतिनिधिमंडल सुरेश खन्ना के नेतृत्व में भाग ले रहा है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button