देशबड़ी खबर

मुंबई में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में भारी चूक

मुंबई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के चार एवं पांच सिंतबर को मुंबई दौरे में उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मुंबई दौरे में एक शख्स खुद को एक सांसद का निजी सचिव होने का दावा कर कई घंटों तक अमित शाह के इर्द-गिर्द घूमता रहा। जब अधिकारियों को शक हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का नाम हेमंत पवार है और वह धुलिया जिले का निवासी है।
गृहमंत्री शाह चार और पांच सितंबर को मुंबई दौरे पर थे। इस बीच, उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई में उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। उसके बाद उन्होंने बांद्रा के आशीष शेलार के गणेशोत्सव मंडल में और लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल में जाकर पूजा-अर्चना की थी। उनकी सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। मुंबई पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने भी शाह की सुरक्षा के लिए सावधानी बरती।
हालांकि इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री के इर्द-गिर्द एक शख्स घूम रहा था। उसने सुरक्षा एजेंसियों से कहा था कि वह आंध्र प्रदेश के एक सांसद का निजी सचिव है। मंत्रालय के एक अधिकारी को इस शख्स पर शक हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि आरोपित का नाम हेमंत पवार है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह सुरक्षा में कोई चूक नहीं है। यह मुंबई पुलिस की ही सतर्कता थी कि उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपित हेमंत पवार ने सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए केंद्रीय गृह विभाग का सुरक्षा अधिकारी होने का भी दावा किया था। इस बात की भी जांच चल रही है कि हेमंत पवार की मंशा क्या थी।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button