देशबड़ी खबर

WFI ने ही दिए बृजभूषण के खिलाफ सबूत, चार्जशीट में पेश तस्वीरों में उत्पीड़न की जगह दिखे बृजभूषण

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह यौन उत्पीड़न के मामले में फंसते ही जा रहे हैं. छह पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दायर कर दी है. आरोप पत्र में कई नए खुलासे सामने आए हैं जिसने बृजभूषण सिंह की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दरअसल, आरोप पत्र में दो तस्वीर पेश की गई हैं जिसमें बृजभूषण सिंह को खिलाड़ियों की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है. गौरतलब है कि ये तस्वीरें खुद WFI के अधिकारियों ने पुलिस को सौंपी थीं. ये तस्वीरें बृजभूषण सिंह के मौके पर मौजूद होने की पुष्टि भी करती हैं.

राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में दिल्ली पुलिस द्वारा कथित तौर पर दो तस्वीरें पेश की हैं जो गवाहों द्वारा दिए गए बयानों से मेल खाती हैं. दरअसल, इन तस्वीरों में बृजभूषण सिंह को खिलाड़ियों की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है, जहां पर यौन उत्पीड़न की घटना हुई थी. साथ ही उनके फोन की लोकेशन भी गवाही से मेल खा रही है. ये तस्वीरें, उनकी उपस्थिति की पुष्टि करती हैं जहां पहलवान मौजूद थे. दिल्ली पुलिस द्वारा दायर किए गए आरोप पत्र में ये फोटो तकनीकी साक्ष्य के तौर पर पेश की गई हैं. हालांकि, बृजभूषण सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है.

WFI के अधिकारियों ने सौंपी तस्वीरें

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार ये पूरा मामला छह शीर्ष पहलवानों द्वारा दायर यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद की पेश की गई चार्जशीट पर आधारित है. आरोप पत्र में बृजभूषण सिंह के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाए जाने और दंड दिए जाने की बात कही गई है. यौन उत्पीड़न के मामले में उनके खिलाफ IPC की धारा 354 , 354 ए , 354 डी और धारा 506 के तहत चार्जशीट दायर की गई है.

आरोप पत्र के अनुसार, पुलिस द्वारा भेजे गए नोटिस का जवाब देते हुए WFI ने चार तस्वीरें सौंपी थी जिसमें बृजभूषण सिंह और शिकायतकर्ता दोनों ही विदेश (कजाकिस्तान) में दिखाई दे रहे थे. WFI के अधिकारियों द्वारा सौंपी गई इन्हीं तस्वीरों में बृजभूषण सिंह शिकायतकर्ता की ओर आगे बढ़ता दिख रहा है.

गवाहों की कॉल डिटेल और डब्ल्यूएफआई द्वारा दी गई कुश्ती स्पर्धा की तस्वीरों के आधार पर, दिल्ली पुलिस ने आरोपपत्र में अपना निष्कर्ष निकाला है. पत्र में यह बताया गया है कि सिंह दुर्व्यवहार के स्थानों पर मौजूद थे. कोर्ट ने बीते शुक्रवार को ही चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए बृजभूषण सिंह को समन जारी कर दिया था.

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button