देश

कोट्टायम में भीषण हादसा, बेकाबू होकर पलटी पर्यटकों से भरी बस, 1 की मौत, 49 घायल

केरल के कोट्टायम जिले में सोमवार तड़के चींककल्लेल के पास एक पर्यटक बस बेकाबू होकर पलट गई, जिससे एक महिला यात्री की मौत हो गई और 49 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मृतका की पहचान कन्नूर जिले के इरिट्टी की रहने वाली सिंधु के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री इरिट्टी के निवासी थे और कन्याकुमारी एवं तिरुवनंतपुरम की यात्रा के बाद अपने घर लौट रहे थे। यह दुर्घटना रात लगभग 1.0 बजे एमसी रोड पर चींककल्लेल चर्च के पास उस समय हुई, जब बस एक मोड़ से गुजर रही थी। मोड़ पर बस बेकाबू होकर पलट गई और एक पेड़ से जा टकराई।

18 यात्रियों को आई गंभीर चोटें

बस में सवार सभी 49 घायलों को इलाज के लिए मोनप्पल्ली के एक निजी अस्पताल और कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। मोनप्पल्ली अस्पताल ले जाई गई सिंधु ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि लगभग 18 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर है।

क्रेन की मदद हटाई गई बस

दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे हटाने के लिए बाद में क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को हटाया गया। कुराविलंगडु पुलिस ने बस चालक विनोद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना से मौत का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। (इनपुट- भाषा)

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button