देश

केजरीवाल ने अपनी कानूनी फीस चुकाने के लिए पंजाब को ‘भ्रष्टाचार का एटीएम’ बना दिया: शाह

चंडीगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया है और वह अपनी लड़ाई के लिए कानूनी फीस चुकाने के लिए इस पर भरोसा कर रहे हैं.

पंजाब में लुधियाना से भाजपा उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू के समर्थन में एक चुनावी रैली में उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना करते हुए कहा कि वे कहीं और एक-दूसरे को गले लगाते हैं लेकिन पंजाब में दुश्मन बन जाते हैं.

शाह ने कहा, ‘मैं आप और कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में आपका गठबंधन है, फिर आप यहां ‘नूरा कुश्ती’ (फिक्स्ड मैच) क्यों खेल रहे हैं.’ आप और कांग्रेस, इंडिया गठबंधन के दोनों घटक के बीच लोकसभा चुनावों के लिए दिल्ली, गुजरात, गोवा और हरियाणा में सीट-बंटवारे का समझौता है, लेकिन पंजाब में अलग-अलग लड़ रहे हैं.

पंजाब में आप सरकार पर निशाना साधते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है और मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस भ्रष्टाचार को रोकने का आग्रह किया, क्योंकि पंजाब के लोग इससे तंग आ चुके हैं.

आप के राष्ट्रीय संयोजक पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, ‘केजरीवाल को अपना केस लड़ना है और उन्हें (कानूनी) फीस का भुगतान करना है. उन्हें यह ‘पंजाब एटीएम’ से मिलता है. केजरीवाल ने पंजाब को भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया है.’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘उन्हें चुनाव लड़ना है, वह ‘मान क्रेडिट कार्ड’ एटीएम में डालते हैं और पैसे दिल्ली ले जाते हैं.’ बीजेपी नेता ने कहा कि हालात ऐसे हैं कि अगर केजरीवाल को गुजरात, पश्चिम बंगाल या चेन्नई जाना होता है तो मान पायलट बनकर उनके साथ जाते हैं. ‘मुझे समझ नहीं आ रहा, क्या वह (मान) केजरीवाल के पायलट हैं या पंजाब के सीएम हैं?’ शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘लेकिन मान ने एक अच्छी बात यह की कि जब केजरीवाल जेल गए, तो वह उनके साथ नहीं गए.’

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button