कारोबारताज़ा ख़बर

सरकार ने पूर्वोत्तर में 10 साल में किया 5 लाख करोड़ का निवेश, 11 लाख करोड़ और होंगे खर्च

केंद्रीय मंत्री बी एल वर्मा ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार ने साल 2014 से अब तक पूर्वोत्तर राज्यों में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। जबकि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 11 लाख करोड़ रुपये और खर्च किए जाएंगे। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डॉनर) राज्य मंत्री वर्मा ने कहा कि देश के इस हिस्से में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। वर्मा ने ‘पूर्वोत्तर निवेशक सम्मेलन’ के मौके पर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘सरकार 2014 के बाद से यहां पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश पहले ही कर चुकी है। इसके अलावा बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए विकास परियोजनाओं पर क्षेत्र में 11 लाख करोड़ रुपये का भी निवेश किया जा रहा है।’’

9 से बढ़कर 17 हुए एयरपोर्ट

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस क्षेत्र के कारोबारी समूहों से अलग-अलग बैठक की थी और उन्होंने यहां पर विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने को लेकर उत्साहजनक प्रतिक्रिया दी। बड़े और मझोली दोनों तरह की कंपनियों ने यहां निवेश करने में दिलचस्पी दिखाई है।’’ उन्होंने 2014 के बाद से पूर्वोत्तर क्षेत्र में हुए विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘हमने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचागत विकास देखा है, सिर्फ सड़क परियोजनाओं पर ही एक लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। हवाई अड्डों की संख्या नौ से बढ़कर 17 हो गई है, जिससे पहुंच में काफी सुधार हुआ है।’’

9,000 हथियारबंद उग्रवादी सदस्यों ने किया आत्मसमर्पण

उन्होंने रेल संपर्क सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बांग्लादेश में अखौरा और त्रिपुरा में अगरतला के बीच हाल ही में रेल मार्ग का उद्घाटन होना इलाके के संपर्क के लिए मील का बड़ा पत्थर है। इसके अलावा जलमार्ग के विकास में भी बड़ी प्रगति हुई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर क्षेत्र अब वह नहीं है जो 2014 में था। इस क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने में सकारात्मक बदलाव आया है। करीब 9,000 हथियारबंद उग्रवादी सदस्यों ने आत्मसमर्पण कर दिया है।’’

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button