ताज़ा ख़बरदेश

प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल से 4 किमी. दूर सांबा में हुआ विस्फोट, एजेंसियां जांच-पड़ताल में जुटीं

सांबा। सांबा जिले के बिशनाह के ललायल इलाके में रविवार को एक खेत में कम तीव्रता वाला विस्फोट हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित जनसभा स्थल से 4 किमी. की दूरी पर यह विस्फोट होने से प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। जांच एजेंसियां इस घटना को लेकर जांच-पड़ताल में जुट गयी हैं।

सांबा के पल्ली गांव में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जम्मू-कश्मीर में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे बनिहाल-कांजीगुंड सड़क सुरंग का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35 ए निरस्त किए जाने के बाद पहली बार यहां पहुंच रहे हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे में किसी भी तरह की आतंकी गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर व्यापक स्तर पर पूरे इलाके में कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गए हैं। हर स्तर पर संदिग्धों और हर प्रकार के वाहनों की सघन निगरानी की जा रही है। इस बीच आज सुबह बिशनाह के ललायल इलाके में अचानक विस्फोट हुआ जिसके चलते खेत में गड्ढा हो गया। इससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है लेकिन सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।

पुलिस को शक है कि यह विस्फोट आकाशीय बिजली के कारण हुआ है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। जनसभा स्थल पर चौकसी बढ़ा दी गई है। धमाके वाली जगह पर एसपी हेड क्वार्टर रमनीष गुप्ता, एसडीपीओ आरएसपुरा सुरेंद्र सिंह और थाना प्रभारी बिश्नाह विनोद कुंडल पहुंच गए हैं।

आतंकियों ने प्रधानमंत्री के दौरे से पूर्व कुछ अन्य घटनाओं को भी अंजाम देने की कोशिश की जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। कुछ दिनों पूर्व सुंजवां में सुरक्षा बलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो हमलावरों को मार गिराया था जिसके बाद पता चला था कि दोनों आतंकियों ने प्रधानमंत्री की जम्मू-कश्मीर की यात्रा को बाधित करने की मंशा से कई जगहों पर गड़बड़ी करने की योजना बना रखी थी।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button