उत्तर प्रदेशलखनऊ

कोडीन कफ सिरप केस : अखिलेश यादव बोले- कालीन भैया हो या कोडीन भैया, सबके खिलाफ चले बुलडोजर

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कोडीन युक्त कफ सिरप के कथित अवैध कारोबार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुये कहा कि अगर सरकार वास्तव में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तो अवैध धंधे में शामिल सभी लोगों पर एक जैसी कार्रवाई होनी चाहिए।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा ” चाहे ‘कालीन भैया’ हों या ‘कोडीन भैया’, जिन-जिन लोगों के नाम और तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनके खिलाफ भी बुलडोजर चलना चाहिए।” सपा प्रमुख ने अवैध और जहरीली कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि एसटीएफ कारोबारियों से मिली हुई है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि नशाखोरी की जांच के लिए सिरप टास्क फोर्स यानी एसटीएफ के साथ-साथ जीटीएफ भी बना दीजिए।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि कोडीन कफ सिरप का अवैध कारोबार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र तक फैला हुआ है और इसकी कीमत हजारों करोड़ रुपये में है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 36 जिलों में अब तक 118 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और उत्तर प्रदेश में लंबे समय से कफ सिरप का अवैध कारोबार चल रहा था।

उन्होंने कहा कि कुछ तस्वीरें दिखाकर यह साबित करने की कोशिश की जा रही है कि सपा के लोग माफिया हैं। अगर तस्वीरों के आधार पर ही तय करना है, तो मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ मौजूद तस्वीरों को भी देखा जाना चाहिए।

इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “जब खुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ, ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।” उन्होंने मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि कोडीन के डर से आज सब साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button