इटावाउत्तर प्रदेश

देवी-देवताओं पर अपमानजनक वीडियो वायरल, नाबालिग लड़की हिरासत में, माता-पिता गिरफ्तार

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 12 वर्षीय लड़की को हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर के आजाद नगर की रहने वाली किशोरी ने 27 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर एक मिनट का वीडियो अपलोड किया था, जिसमें हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।

बताया जा रहा है कि वीडियो उसने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने और ऑनलाइन कमाई के उद्देश्य से बनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच में पाया कि वीडियो लड़की ने अपने पिता मोहम्मद शब्बीर उर्फ साबिर, मां शमीना और आजाद नगर टीला निवासी दोस्त आसिफ की जानकारी में बनाया था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय नाथ राय ने बताया कि यह वीडियो जानबूझकर सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और आर्थिक लाभ पाने के लिए बनाया गया था। माता-पिता को इस कृत्य की जानकारी थी लेकिन उन्होंने अपनी बेटी को रोकने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दो नवंबर को किशोरी, उसके माता-पिता और आसिफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, नस्ल, जन्मस्थान, जाति या समुदाय के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच कर रहे दारोगा सौरभ सिंह ने बताया कि लड़की के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि लड़की को बाल कल्याण अधिकारी की देखरेख में नारी निकेतन भेजा गया है। पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसने अपने माता-पिता और आसिफ के कहने पर वीडियो बनाया था, जिन्होंने उसे बताया था कि ऐसे वीडियो से उसके फॉलोअर्स बढ़ेंगे और आर्थिक लाभ मिलेगा।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button