उत्तर प्रदेशलखनऊ

अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रहा प्रशासन, माता प्रसाद पांडेय का भाजपा को दो टूक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को शनिवार को बरेली जाने से पहले ही लखनऊ में पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। इस बीच पांडेय ने प्रशासन पर अपनी नाकामी छिपाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाक़ात कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

पांडेय ने कहा, “मैं आज बरेली के लिए निकल रहा था उसी समय पुलिस ने मुझे रोककर हाउस अरेस्ट कर लिया। मुझे बताया गया कि बरेली में निषेधाज्ञा लागू है। आपके वहां जाने से माहौल बिगड़ सकता है। मुझे बरेली के बॉर्डर तक भी नहीं जाने दिया गया। बरेली में जो हुआ वो निंदनीय है। प्रशासन अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रहा है।”

उधर, दिल्ली से बरेली जा रहे सांसद हरेंद्र मलिक, इकरा हसन और मोहिबुल्लाह नदवी को गाजियाबाद बॉर्डर पर रोका गया। तीनों सांसद करीब 40 मिनट तक अड़े रहे, लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें लौटा दिया। इस दौरान इकरा हसन ने कहा ” उत्तर प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी दिख रही है। कल कोई ‘आई लव महादेव’ या ‘आई लव श्रीराम’ लिखेगा तो किसी को आपत्ति नहीं होगी, तो फिर ‘आई लव मोहम्मद’ में क्या गलत है।”

इस बीच बरेली के ज़िलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा, “क़ानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। पिछले शुक्रवार की नमाज के बाद कुछ लोगों ने ज़िले की शांति-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की थी जिसे पुलिस प्रशासन ने एक-डेढ़ घंटे में ही नाकाम कर दिया। कल की जुमे की नमाज़ शांतिपूर्वक संपन्न हुई। यहां सभी स्कूल, कॉलेज और दफ़्तर खुले हैं। अगर किसी को लगता है कि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है, तो वह पुलिस के संज्ञान में ज़रूर लाए।

पूरे ज़िले में शांति है। दंगाइयों की कोई जाति या धर्म नहीं होता। हमें ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा।”  गौरतलब है कि बरेली में आज भी इंटरनेट बंद है। 26 सितंबर को ‘आई लव मोहम्मद’ मामले को लेकर जुमे की नमाज के बाद बवाल हुआ था। इस मामले में 81 लोगों को जेल भेजा जा चुका है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button