उत्तर प्रदेशकानपुरबड़ी खबर

डॉ.अंबेडकर का स्वप्न साकार कर रहे मोदी : राष्ट्रपति

  • परौंख में प्रोटोकाल से इतर राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री का किया स्वागत

कानपुर देहात। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने पैतृक गांव परौंख के एक कार्यक्रम में कहा कि नरेन्द्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो देश के हर व्यक्ति के जीवन को सुखमय बनाने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहते हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस सर्वसमावेशी और समता, समानता वाले देश-समाज की परिकल्पना की थी, मोदी उसे साकार कर रहे हैं। बाबा साहब के सपनों को साकार करने की दिशा में मोदी के कार्य अनुकरणीय हैं।

राष्ट्रपति कोविंद दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को कानपुर पहुंचे और यहां वह सीधे कानपुर देहात स्थित अपने पैतृक गांव परौंख पहुंचे। परौंख में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति कोविंद देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के प्रोटोकाल से इतर मेजबान की भूमिका में नजर आए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। यह देख प्रधानमंत्री भी अचंभित हुए और टोका भी तो उन्होंने कहा कि मैं अपने गांव में अतिथि का स्वागत कर रहा हूं। इसके बाद प्रधानमंत्री के साथ उन्होंने पथरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। निकट के अंबेडकर पार्क में संविधान निर्माता बाबा साहब को भी नमन किया। राष्ट्रपति कोविंद ने प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को सदैव टीस रहती थी कि प्रदेश से नौ प्रधानमंत्री हुए लेकिन एक भी राष्ट्रपति नहीं हुआ। प्रदेशवासियों की यह टीस भी भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी कर दी।

उन्होंने कहा कि मेरा गांव मुख्यालय से काफी दूर है और यहां पर करीब 50 साल पहले राष्ट्रीय स्तर के नेता डॉ. राम मनोहर लोहिया आये थे। उस समय गांव वालों ने पहली बार जीप देखी थी। उन्होंने कहा कि परौंख जैसे गांव के लोगों से मिलने आना प्रधानमंत्री मोदी की उदारता और सहृदयता का द्योतक है। यह गांव की मिट्टी की ताकत है, जिसने प्रधानमंत्री को यहां बुला लिया। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि जब भी अपने गांव आता हूं, मातृशक्ति की आराधनावश गांव की मिट्टी को सहज ही माथे से लगा लेता हूं। हमने प्रधानमंत्री मोदी में भी मातृशक्ति के प्रति अगाध आस्था देखी है। आज हम जो भी हैं, मातृभूमि और मातृशक्ति के आशीर्वाद से हैं।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button