उत्तर प्रदेशहापुड़

दो पहियों पर लदीं 7 जान, देखकर पुलिस भी हैरान; बाइक सवार को प्रणाम करके काटा 7 हजार का चालान

हापुड़: यूपी के हापुड़ जिले में हाईवे पर एक बाइक पर 7 लोगों को सवार देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए. बाइक सवार ने दुपहिया वाहन को 7 सीटर गाड़ी बना दिया. पुलिस चेकिंग के दौरान जैसे ही पुलिस की नजर बाइक सवार 7 लोगों पर पड़ी तो पुलिस भी हैरत में पड़ गई. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार को प्रणाम किया और हाथ जोड़कर इस तरह जान जोखिम में न डालने की अपील की. फिर उन्होंने बाइक सवार पर कार्रवाई करते हुए उसका चालान काट दिया. ये मामला हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर इलाके से सामने आया. जहां कार्तिक पूर्णिमा मेले के चलते क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर लगाई गई है जिससे गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले में हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति पर नियंत्रण किया जा सके.

आखिर एक बाइक पर कैसे बैठाए 7 लोग?

बता दें कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में एक चेक पोस्ट पर पुलिसकर्मियों ने 4 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े 11 बजे एक बाइक पर सवार 7 लोगों को रोका. बाइक रुकने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि उसपर करीब 3 साल से लेकर 10 साल तक की उम्र के बच्चों के साथ बाइक सवार शख्स सहित कुल 7 लोग सवार हैं. 7 लोगों को देखते ही पुलिसकर्मी हैरत में पड़ गए. शख्स छोटे-छोटे बच्चों के साथ बिना हेलमेट लगाए अपनी और मासूम बच्चों की जिंदगी को खतरे में डालकर सड़क पर सफर कर रहा था. बाइक सवार ने 2 बच्चों को बाइक की पेट्रोल टंकी के ऊपर और अन्य को बाइक की सीट से लेकर पीछे वाली लाइट तक बैठाया हुआ था.

9 साल से नहीं था बाइक का बीमा

बाइक पर सवार शख्स यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए जोखिम भरे सफर को कर रहा था. जांच में यह बात भी सामने आई कि इस बाइक का बीमा भी करीब 9 साल से पहले खत्म हो गया था. चेक पॉइंट पर ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल (ट्रैफिक) चमन ख़ान, कांस्टेबल गौरव तोमर और होमगार्ड रोहित ने बाइक सवार युवक को सख्त हिदायत देते हुए इस प्रकार जानलेवा जोखिम भरा सफर करने के चलते बाइक सवार का चालान काटकर दंडित किया.

पुलिस ने काटा 7 हजार का चालान

इसके बाद पुलिस ने बिना हेलमेट जोखिम भरा सफर करने वाले बाइक सवार का 7 हजार रूपये का चालान काटा. ये बाइक सवार युवक 7 लोगों को लेकर अमरोहा से हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में पहुंचा था.

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button