बड़ी खबरमनोरंजन

संजय गुप्ता की आखिरी पोस्ट ने किया भावुक, मौत से 10 दिन पहले बेटी की तस्वीर की थी पोस्ट

फिल्म निर्माता संजय गुप्ता का शनिवार को 59 साल की उम्र में निधन हो गया। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘जिंदा’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर संजय गुप्ता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है, क्योंकि वे अभी तक पूरी तरह से ठीक थे। अब संजय गुप्ता की मौत के बाद उनका आखिरी पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। उनके निधन से 10 दिन पहले किए गए उनके आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में उनकी बेटी डलिया के साथ बिताए गए उनके यादगार और खूबसूरत पलों की झलक देखने को मिली।

संजय गुप्ता का आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट

X (पहले ट्विटर) पर शेयर की गई इस पोस्ट में संजय गुप्ता की बेटी डलिया लेगो सेट बनाते हुए दिखाई दे रही है। तस्वीर में दिख रहा था कि दोनों ने मिलकर एक बहुत बड़ा लेगो बिल्डिंग सेट तैयार किया है। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘मेरी डाइनिंग टेबल पर अब तक का सबसे बड़ा लेगो सेट बन रहा है। कमाल है!!!’ बता दें कि संजय गुप्ता के परिवार में उनकी पत्नी अनुराधा गुप्ता और दो बच्चे – शिवांश गुप्ता और डलिया गुप्ता हैं।

संजय गुप्ता का 59 की उम्र में निधन

संजय गुप्ता का 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की और बताया कि घर पर संजय गुप्ता के सिर में चोट लग गई थी। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अशोक पंडित ने लिखा, ‘यह खबर बेहद दुखद और चौंकाने वाली है। अभी-अभी हमें अपने प्यारे दोस्त और बेहतरीन निर्देशक संजय गुप्ता के निधन की खबर मिली। घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका निधन हो गया। एक और प्रतिभाशाली शख्स हमें बहुत जल्दी छोड़कर चला गया। वह एक शानदार कहानीकार, जिंदादिल इंसान और जुनूनी फिल्ममेकर थे। यह हमारी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मेरे दोस्त, तुम्हारी बहुत याद आएगी। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।’

संजय गुप्ता का फिल्मी करियर

1967 में मुंबई में जन्मे संजय गुप्ता ने 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली मुख्य भूमिकाओं में थे। उन्होंने अपराध, गैंगस्टरों और मुंबई अंडरवर्ल्ड पर आधारित फिल्में बनाकर अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनकी यादगार फिल्मों में ‘राम शास्त्र’, ‘खौफ’, ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘जज्बा’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ शामिल हैं। उन्होंने ‘दस कहानियां’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया।

संजय गुप्ता चर्चित हिंदी फिल्में

उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में से एक ‘कांटे’ (2002) थी, जिसमें अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर, लकी अली और कुमार गौरव ने काम किया था। यह एक ‘हीस्ट थ्रिलर’ फिल्म थी, जिसे दर्शकों के बीच एक खास मुकाम मिला। ऋतिक रोशन और यामी गौतम अभिनीत उनकी फिल्म ‘काबिल’ भी उनकी बड़ी कमर्शियल सफलताओं में से एक रही। उनके निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’, जिसमें हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी ने काम किया है। यह फिल्म 2024 में जियो सिनेमा पर रिलीज हुई।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button