ओपिनियनबड़ी खबर

राजनीति में भाषा का गिरता स्तर और कांग्रेसी मानसिकता

मृत्युंजय दीक्षित


चुनावों में हो रही लगातार पराजय और वर्तमान में उठाए गए एसआईआर मुद्दे तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को जनसमर्थन न प्राप्त होने से हताश कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडी गठबंधन जो पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को आघात पहुँचाने का प्रयास करके उसमें असफल रहा है अब सार्वजनिक मंचों से उनके माता – पिता पर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहा है। एक सामान्य परिवार में जन्मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कठिन श्रम, समर्पण और राष्ट्र चिंतन के बल पर देश का नेतृत्व करने के लिए भारत के नागरिकों द्वारा निर्वाचित किए गए हैं। सम्पूर्ण विश्व उन्हें अत्यंत सम्मानजनक दृष्टि से देख रहा है। विश्व के 35 देश उनको अपना सर्वोच्च सम्मान दे चुके हैं । वे 20 देशों की संसद को भी संबोधित कर चुके हैं।

इसके विपरीत कांग्रेस का नेतृत्व बार -बार पराजित हो रहा है और पार्टी निराशा की गहरी खाई में जा रही है। इसी हताशा के चलते बिहार के एक कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्किार्जुन खरगे आपा खो बैठे और मोदी के पिता जी को अपशब्द कह बैठे। कुछ ही समय में यह राजनैतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया। पटना में खरगे का बयान कांग्रेस का सेल्फ गोल भी बन सकता क्योंकि पांच प्रान्तों के विधानसभा चुनाव सर पर हैं जिनमें पहले से ही कांग्रेस की विजय के कोई बड़े आसार नहीं हैं और अब भाजपा को बैठे बिठाए ये मुद्दा मिल गया है। भारत का आम नागरिक आज भी किसी भी पिता का इस प्रकार सार्वजानिक अपमान उचित नहीं मानता। पिता के प्रति सार्वजानिक मंच पर तिरस्कार दिखाने वाले अखिलेश यादव को भी इसका मूल्य चुकाना पड़ा था।

कांग्रेस राजनीति में अभद्रता की सारी सीमाएं तोड़ रही है। सपा नेता रामगोपाल यादव और बसपा नेत्री मायावती ने भी कांग्रेस को नसीहत दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भी कहा कि “उनसे गलती हो गई है “ पृथ्वीराज ने नेताओं से भाषा की मर्यादा बनाए रखने और राजनीतिक विरेाध करने में शालीनता बरतने की अपील भी करी है। जबकि कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी इमरान मसूद ने बार- बार मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को दोहराया तथा कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया ”एक्स” के हैंडल पर कार्टून के साथ अत्यंत अभद्र तरीके से”बाप भी जायेगा” लिख कर पोस्ट किया। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने जंतर- मंतर पर धरना देने वाले उन छात्रों का समर्थन किया था जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे थे । कांग्रेस का आचरण पूरी तरह अमर्यादित व असंसदीय हो चुका है।

प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नमो घाट पर हुए एयर शो में 20 लाख लोगों का ज्वार उमड़ पड़ा और प्रधानमंत्री के रोड -शो में भी लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी, यह सब देखकर कांग्रेस की हताशा बढ़ना स्वाभाविक भी है। कांग्रेस के इतने हंगामों के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता के ग्राफ में कोई कमी नहीं हो रही है इस बात से कांग्रेस व इंडी गठबंधन के नेता खीझ रहे हैं। आज जब कांग्रेस 10 लाख का आह्वान करती है तब मुश्किल से 20 से 50 हजार लोगों की भीड़ आती है, उसमें 25 प्रतिशत यू- टयूबर्स, रील बाज व तथाकथित कंटेंट राइटर्स होते हैं जो सोशल मीडिया पर झूठ फैलाते हैं।

अब आम भारतीय भी कांग्रेस के खेल को अच्छी तरह से समझ चुका है। कांग्रेस का पूरा प्रयास है कि जिस प्रकार बांग्लादेश, श्रीलंका व नेपाल में अराजकता से तख्ता पलट हुआ तथा वर्तमान में जो फ्रांस, इटली, स्पेन, अल्बानिया सहित यूरोप के 13 देशों में हो रहा है वही भारत में भी देखने को मिले। विदेशों में भारत की छवि खराब हो और बस कांग्रेसी युवराज को अवसर मिल जाए। यह खयाली पुलाव पकने वाला नहीं है यही कारण है कि कांग्रेस अब “मोदी का बाप भी जाएगा“ जैसी भाषा बोल रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने इससे पूर्व अप्रैल- 2026 में असम विधानसभा चुनाव की एक रैली में प्रधानमंत्री मोदी को जहरीला सांप कहा था, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनके लिए आतंकवादी शब्द का प्रयोग किया था, अक्टूबर 2024 कर्नाटक के कलबुर्गी में प्रधानमंत्री मोदी पर प्रहार करते हुए बीजेपी को “आतंकवादियों की पार्टी“ कहा था। अप्रैल- 2023 कर्नाटक विधानसभा चुनावों में खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को “विषैला नाग“ कहा था। नवंबर -2023 के गुजरात विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी की हर छोटे -बडे़ चुनाव में मौजूदगी पर तंज कसते हुए कहा था कि क्या प्रधानमंत्री के रावण की तरह 100 सिर हैं जो हर जगह मौजूद रहते हैं ।वर्ष 2019 के आम चुनाव के दौरान खरगे ने पीएम मोदी को कहा था कि अगर कांग्रेस 40 से अधिक सीटें प्राप्त कर लेती हैं तो क्या प्रधानमंत्री दिल्ली के विजय चौक पर जाकर फांसी पर लटकेंगे।

इतिहास साक्षी है कि कांग्रेस ने जब -जब प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया है उनका आधार और मजबूत हुआ है। गुजरात 2007 के विधानसभा चुनावों के दौरान श्रीमती सोनिया गांधी ने नरेंद्र मोदी जी को मौत का सौदागर कहा जिसके बाद विधानसभा चुनावो में भाजपा को 121 सीटें प्राप्त हुई और सरकार बनी। गुजरात में तब से लगातार बीजेपी की सरकार बनती आ रही है क्योंकि गुजरात के लोगों ने इस बयान को गुजरात की अस्मिता से जोड़ दिया। 2014 में मणिशंकर अय्यर ने नरेंद्र मोदी को “चाय बेचने वाला“ तथा “नीच आदमी” बताया और लोकसभा में भाजपा को 282 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत प्राप्त हो गया। 2019 में “चैकीदार चोर है“ कहा गया तब उन्हें लोकसभा में 300 से अधिक सीटें प्राप्त हो गई।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान दरभंगा की रैली में पीएम मोदी की मां को गाली दी गई और अपमानजनक नारे लगाए गए जिसके परिणम स्वरुप बिहार एनडीए की महाविजय हुई। बिहार कांग्रेस के सोशल मीडिया एकाउंट से प्रधानमंत्री और उनकी मां को लेकर एक अपमानजनक एआई वीडियो भी पोस्ट किया गया था। बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन ने 202 सीटें जीत लीं राजद को 25 और कांग्रेस को मात्र 6 सीटें ही प्राप्त हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किसी न किसी बहाने अपमान करना कांग्रेस व उनके सहयोगियों की आदत सी बन गई है। स्वयं राहुल गांधी कहते हैं कि देश का युवा एक दिन उन्हें डंडे से पीटेगा, यही कांग्रेस का असली चरित्र बन चुका है। कांग्रेस का यह व्यवहार उसे व उसके सहयोगियों के लिए ही भारी पड़ जाता है। सत्य यही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के शिखर पर बने हुए हैं और विपक्ष का कोई भी नेता उनकी लोकप्रियता के सामने दूर दूर तक नहीं दिखता।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button