देशबड़ी खबर

Sanjay Singh Arrest: संजय सिंह को राउज एवेन्यू कोर्ट में किया गया पेश, 5 दिन की ED रिमांड पर भेजा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आज दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। बता दें कि कल(बुधवार) ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह को गिरफ्तार किया था।

5 दिन की ED रिमांड पर भेजा
दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह को यहां की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को पांच दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल ने सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। धनशोधन रोधी एजेंसी ने सिंह से पूछताछ के लिए 10 दिन की हिरासत का अनुरोध किया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित दिल्ली आबकारी नीति मामले में राजधानी की राउज एवेन्यू अदालत में आम आदमी पार्टी (आप) नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह की 10 दिन की रिमांड मांगी है। विशेष लोक अभियोजक नवीन कुमार मट्टा गुरुवार को राजधानी के राउज एवेन्यू अदालत में ईडी की ओर से पेश हुए।

ईडी ने अदालत को बताया कि बुधवार को आप नेता संजय सिंह के आवास पर छापेमारी की गई और उनका बयान भी रिकॉर्ड किया गया। जांच एजेंसी ने यह कहते हुए संजय सिंह की रिमांड मांगी कि ईडी को डिजिटल सबूतों के साथ सिंह का आमना-सामना कराना है।

आप नेता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मोहित माथुर पेश हुए और उन्होंने कहा, “ इस मामले की जांच चलती रहेगी और कभी ख़त्म नहीं होगी। दिनेश अरोड़ा जो कि अब एक मुख्य गवाह है, उनको पहले दोनों एजेंसियों ने आरोपी बनाया था और बाद में वह मामले में सरकारी गवाह बन गया है। ”

सिंह के अधिवक्ता ने ईडी की रिमांड याचिका का विरोध करते हुए कहा कि जो व्यक्ति इस मामले से जुड़ा ही नहीं है, उसके लिए 10 दिन की रिमांड की मांग करना बेमानी है। इस बीच , अदालत में पेश होने से पहले आप नेता सिंह ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी ‘मोदीजी का अन्याय है और वह चुनाव हार जाएंगे। गौरतलब है कि आप नेता को उनके दिल्ली स्थित आवास पर ईडी अधिकारियों ने 10 घंटे की लम्बी पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें बुधवार को ईडी कार्यालय लाया गया।

इससे पहले आप राज्यसभा सांसद की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे आप कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मुंबई में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन कर रही है। आप कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और उनकी रिहाई की मांग की।

पार्टी के नेता आतिशी और रीना गुप्ता समेत आप के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा के खिलाफ नारे लगाए और आप नेता सिंह की रिहाई की मांग की। गौरतलब है कि आप के नेता मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन के बाद संजय सिंह पार्टी के तीसरे प्रमुख नेता हैं, जिन्हें केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button