उत्तर प्रदेशलखनऊ

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में निरस्त नहीं होंगी शादी की बुकिंग, सीएम योगी ने लोगों की अपील पर लिया एक्शन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम जनता की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में विवाह समारोहों की निरस्त की गई बुकिंग को बहाल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने 21 से 30 नवंबर के बीच की सभी बुकिंग पुनः मान्य कर दी हैं।

दरअसल, इन्वेस्ट यूपी ने तीन नवंबर को एलडीए को पत्र भेजकर ‘ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0’ के आयोजन के लिए 21 से 30 नवंबर तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान को आरक्षित करने का अनुरोध किया था। इस पर एलडीए ने उस अवधि के दौरान की गई सभी 41 बुकिंग को निरस्त कर दिया था। इसके चलते विवाह समारोह की तैयारियों में जुटे कई परिवारों के सामने अचानक संकट खड़ा हो गया था। कई लोगों ने शादी के कार्ड तक छपवा और वितरित कर दिए थे, जिससे इतनी कम अवधि में होटल, लॉन या गेस्ट हाउस जैसी वैकल्पिक व्यवस्था संभव नहीं थी। इसके अलावा टेंट, लाइट, डेकोरेटर और कैटरिंग से जुड़े व्यापारी भी असमंजस की स्थिति में आ गए थे। जनभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलडीए और इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों को तुरंत समाधान निकालने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही एलडीए ने सभी बुकिंग को बहाल कर दिया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि, “ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए निरस्त की गई सभी 41 बुकिंग बहाल कर दी गई हैं। अब लोग अपनी निर्धारित तिथियों पर आईजीपी में विवाह समारोह आयोजित कर सकेंगे। इन्वेस्ट यूपी से भी पत्र प्राप्त हो गया है, जिसमें कहा गया है कि फिलहाल उन्हें आईजीपी परिसर की आवश्यकता नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने अपनी बुकिंग स्वयं रद्द करा ली थी, उन्हें भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उसी तिथि पर पुनः बुकिंग का विकल्प दिया जाएगा। एलडीए की ओर से सभी संबंधितों को सूचना भेजी जा रही है।

Mukund Lekhni

मुकुंद लेखनी एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल है, जो देश-दुनिया, उत्तर प्रदेश और स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को तथ्य, निष्पक्षता और जनसरोकार के साथ पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button